224 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 280 पदों पर उपलब्ध थे रोजगार के अवसर
रायपुर, 22 अगस्त 2026
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल को रोजगार मेले के माध्यम से नई गति मिली है। आईटीआई गौरेला में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार मेले में 224 युवक-युवतियों ने निजी क्षेत्र की विभिन्न नौकरियों के लिए साक्षात्कार दिया। पांच निजी संस्थानों द्वारा 280 रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें अंतिम रूप से 14 युवाओं का चयन हुआ। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
रोजगार मेले में प्रारंभिक चरण में 60 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। इसके बाद हुई अंतिम चयन प्रक्रिया में 14 युवाओं ने सफलता हासिल की। नियुक्ति पत्र हाथ में मिलते ही चयनित युवाओं में उत्साह दिखाई दिया। कलेक्टर ने कहा कि निजी क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के लगातार नए अवसर सामने आ रहे हैं। युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कार्यस्थल पर अनुशासन, समय की पाबंदी और जिम्मेदारी के साथ काम करने को सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी बताया।

इसी दौरान कलेक्टर ने लाइवलीहुड कॉलेज गौरेला में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा युवाओं के लिए संचालित टैक्सी चालक प्रशिक्षण का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से सीधे बातचीत कर उनकी रुचि, प्रशिक्षण की प्रगति और आगे रोजगार की संभावनाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने युवाओं को प्रशिक्षण को गंभीरता से पूरा करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज के समय में किसी भी युवा के लिए कौशल एक मजबूत रोजगार साधन बन सकता है। प्रशिक्षण के दौरान नियमित उपस्थिति और पूरी लगन से सीखने पर युवा अपने लिए स्थायी रोजगार और आत्मनिर्भरता का रास्ता तैयार कर सकते हैं।
जिले में रोजगार मेले और कौशल प्रशिक्षण जैसी पहलों के जरिए युवाओं को एक ओर नौकरी के अवसर मिल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विशेष पिछड़ी जनजाति के युवाओं को उनकी जरूरत और रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप प्रशिक्षण देकर मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है।
