रायपुर, 21 अगस्त 2026
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने नई दिल्ली में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव श्री सत्येन्द्र सिंह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की प्रगति की जानकारी साझा की। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन पर केंद्रीय सचिव ने राज्य की कार्यप्रणाली की सराहना की।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के शेष कार्यों को निर्धारित विस्तारित अवधि में पूरा करने की कार्ययोजना, साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री बोरा ने राज्य में विभिन्न योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
अरबन चैलेंज फंड के तहत छत्तीसगढ़ को मिलने वाले केंद्रीय आवंटन में से 1500 करोड़ रुपये के लिए राज्य स्तर पर प्रावधान किए जाने की जानकारी भी दी गई। रायपुर के गंज मंडी, टर्शियरी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, नवीन मार्केट के पुनर्विकास, पुरानी म्यूनिसिपल बिल्डिंग के पुनर्विकास तथा भिलाई-दुर्ग क्लस्टर में हाइब्रिड मॉडल पर वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट जैसी परियोजनाओं को इसके लिए चिन्हांकित किया गया है।
मिशन अमृत 2.0 के तहत जारी कार्यों को अगले डेढ़ वर्षों में चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की योजना भी केंद्रीय सचिव के समक्ष रखी गई। राज्य में चालू वित्तीय वर्ष के लिए प्राप्त 100 करोड़ रुपये के उपयोग की जानकारी देने के बाद आगामी किस्त जारी करने का अनुरोध किया गया, जिस पर केंद्र सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 100 करोड़ रुपये की राशि राज्य को जारी की।
श्री बोरा ने उन नगरीय निकायों में भी मिशन अमृत लागू करने का आग्रह किया, जहां अब तक कार्ययोजना स्वीकृत नहीं हुई है। इसके साथ ही अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की प्रगति की समीक्षा के दौरान प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए विशेष कार्ययोजना पर जोर दिया गया। श्री बोरा ने छोटे आकार और कम जनसंख्या घनत्व वाले नगरीय निकायों में योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से भी केंद्रीय सचिव को अवगत कराया। श्री सत्येन्द्र सिंह ने राज्य को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
