रायपुर, 21 अगस्त 2026
दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के किसानों के लिए सिंचाई सुविधा के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल हुई है। जल संसाधन विभाग ने केसरा (कसेरा) उद्वहन सिंचाई योजना के निर्माण के लिए 14 करोड़ 61 लाख 33 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
योजना के पूरा होने के बाद करीब 1000 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी मिलने के साथ फसल उत्पादन बढ़ाने और कृषि आय में सुधार की उम्मीद है। सिंचाई सुविधा के विस्तार से क्षेत्र में खेती को अधिक स्थिरता मिलने के साथ किसानों की प्राकृतिक वर्षा पर निर्भरता भी कम होगी।
जल संसाधन विभाग ने योजना को समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार, रायपुर को आवश्यक प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। योजना के धरातल पर आने से पाटन क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए एक नई और स्थायी सुविधा मिल सकेगी।
