रायपुर, 21 अगस्त 2026
बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने अधिकारियों से नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति देखने को कहा।
समीक्षा के दौरान राजस्व एवं कृषि से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए मंत्री ने एग्रीस्टेक पंजीयन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद और बीज के पर्याप्त भंडारण के साथ किसानों को समय पर वितरण तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
मंत्री ने जिले में पोषण को बढ़ावा देने के लिए ‘हर घर मुनगा’ अभियान को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ अधिक से अधिक घरों में मुनगा पौधे लगाने की बात कही। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को जैविक खेती और सब्जी उत्पादन से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने तथा परिवारों के पोषण स्तर में सुधार लाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
स्कूल शिक्षा की समीक्षा में उन्होंने निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जर्जर एवं मरम्मत योग्य स्कूल भवनों की समय पर मरम्मत, स्कूलों में पर्याप्त पानी और स्वच्छता व्यवस्था तथा आश्रम-छात्रावासों में गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने को कहा। विद्यार्थियों को बेहतर पोषण देने के लिए न्योता भोज जैसी पहल को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में ई-केवाईसी की स्थिति, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों तथा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को बिना अनावश्यक देरी के योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने, खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत तथा जलस्रोतों के संरक्षण और जलसंचय के कार्यों को प्राथमिकता देने कहा गया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला अस्पताल में साफ-सफाई, आवश्यक व्यवस्थाओं और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। पशुपालन विभाग में कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण और गौधाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं से अधिक से अधिक पशुपालकों को जोड़ने के निर्देश दिए गए।
सड़क एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम जनमन सड़कों के कार्यों में निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
वन विभाग की समीक्षा के दौरान हाथी प्रभावित क्षेत्रों को लेकर मंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित गांवों में नियमित मुनादी कराने, ग्रामीणों को समय पर सूचना देने और जनहानि रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में वर्षा एवं बोवाई, एग्रीस्टेक, वीबी-जी रामजी, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास, पीएम जनमन आवास और सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने अपराध नियंत्रण, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं और हेलमेट जागरूकता अभियान की जानकारी दी।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि शासन की योजनाओं की सफलता केवल स्वीकृति और कागजी प्रगति से नहीं, बल्कि उनके वास्तविक लाभ से तय होती है। इसलिए अधिकारी नियमित रूप से गांवों और मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर कार्यों की निगरानी करें, समस्याओं का समाधान करें और यह सुनिश्चित करें कि विकास का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
