रायपुर, 21 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 को रायपुर के न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हॉल में राज्य स्तरीय परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की उपस्थिति में होने वाली इस बैठक में समान नागरिक संहिता के संभावित प्रारूप और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। बैठक का उद्देश्य समान नागरिक संहिता के प्रावधानों, इसके सामाजिक प्रभाव और व्यावहारिक पक्षों को लेकर व्यापक विचार-विमर्श करना है।
राज्य सरकार विभिन्न वर्गों और समुदायों के विचारों को प्रक्रिया में शामिल करने पर जोर दे रही है। बैठक में आमंत्रित प्रतिनिधियों से यूसीसी के प्रारूप को लेकर सुझाव और विचार लिए जाएंगे, जिन्हें आगे की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण आधार माना जाएगा।
इसके अलावा विभिन्न सामाजिक एवं संबंधित समूहों के साथ अलग-अलग स्तर पर भी चर्चा आयोजित की जाएगी, ताकि समान नागरिक संहिता से जुड़े विषयों पर व्यापक सुझाव प्राप्त किए जा सकें। सरकार का लक्ष्य सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक संतुलित और समावेशी प्रारूप तैयार करना है।
