रायपुर, 21 अगस्त 2026
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज बलरामपुर संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में छह दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर सहित विभिन्न सहायक उपकरण एवं सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य, दैनिक जीवन की जरूरतों तथा सामने आ रही परेशानियों की जानकारी ली।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सौनी निवासी श्री धनेश्वर सोनी को बैसाखी, भनौरा निवासी श्री निशांत पैकरा और बड़की महरी निवासी सुश्री महिमा दास को व्हीलचेयर, भनौरा निवासी श्री गौरीशंकर और श्री फनु सिंह को स्टिक तथा सौनी निवासी सुश्री ममता पाल को स्मार्टफोन प्रदान किया।
सहायक उपकरण मिलने पर लाभार्थियों ने खुशी जताते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन उपकरणों से आवागमन आसान होने के साथ दैनिक कार्यों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक शासन की योजनाओं और आवश्यक सहायक उपकरणों का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से दिव्यांगजनों के जीवन में सुविधा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
