रायपुर, 21 अगस्त 2026
सुकमा जिले के ग्रामीणों को अब बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर स्थित बैंक शाखाओं तक जाने की जरूरत नहीं होगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल के अनुरूप जिले के 39 अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराए गए हैं। इससे ग्रामीणों को अपने गांव में ही आसान और सुविधाजनक डिजिटल बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी।
जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम वितरित किए। इस सुविधा के जरिए किसान और ग्रामीण अपने गांव के अटल डिजिटल सुविधा केंद्र पर एटीएम कार्ड से राशि निकाल सकेंगे। धान बिक्री से प्राप्त राशि के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं से मिलने वाली राशि की नगद निकासी भी अब गांव में ही की जा सकेगी।
माइक्रो एटीएम की सुविधा से ग्रामीणों का समय और बैंक तक आने-जाने का खर्च बचेगा। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी होगी। छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बैंक शाखाओं के चक्कर लगाने की परेशानी भी कम होगी।
जिन हितग्राहियों का आधार आधारित भुगतान सिस्टम सक्रिय नहीं है, वे भी माइक्रो एटीएम के माध्यम से आवश्यक राशि निकाल सकेंगे। इससे बैंकिंग सेवाओं की पहुंच अधिक लोगों तक बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से गांवों में बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता बढ़ने से किसानों, महिलाओं, श्रमिकों और अन्य हितग्राहियों को योजनाओं की राशि निकालने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह पहल ‘बैंक आपके गांव में’ की अवधारणा को मजबूत करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल वित्तीय सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
माइक्रो एटीएम के संचालन को लेकर आयोजित कार्यशाला में ग्राम स्तरीय उद्यमियों को आवश्यक प्रशिक्षण और जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उन्हें ग्रामीणों को बेहतर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने तथा माइक्रो एटीएम के सुचारु संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुकमा जैसे दूरस्थ जिले में गांव स्तर पर बैंकिंग सुविधा की उपलब्धता ग्रामीणों के लिए राहत के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी आसान बनाएगी। इससे शासन की योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों को अपने ही गांव में सरल, सहज और सुविधाजनक वित्तीय सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
