रायपुर, 21 अगस्त 2026
दंतेवाड़ा जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से परिवार स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर बिजली खर्च कम करने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसी योजना से प्रेरित होकर दंतेवाड़ा निवासी श्रीमती प्रफुल्ल देवी नेताम ने अपने घर की छत पर 6 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कराया है।
श्रीमती नेताम ने बताया कि सोलर प्लांट लगाने के लिए उन्होंने बैंक से करीब 4 लाख रुपये का ऋण लिया है। योजना के तहत उन्हें 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी स्वीकृत हुई है, जो आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सरकारी सब्सिडी और ऋण सुविधा के कारण सोलर प्लांट लगाना आसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा से घर की बिजली जरूरत पूरी होने पर बिजली बिल में बचत होगी। इससे परिवार के मासिक खर्च को कम करने के साथ ऋण चुकाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने जिले के अन्य लोगों से भी पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली खर्च में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिल रहा है। जिले में अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन और विद्युत विभाग द्वारा नागरिकों को योजना की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इच्छुक उपभोक्ता संबंधित विद्युत कार्यालय, अधिकृत वेंडर अथवा राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी लेकर आवेदन कर सकते हैं। योजना के जरिए दंतेवाड़ा में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ परिवारों को बिजली खर्च में राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
