रायपुर, 20 अगस्त 2026।
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागीय अभियंताओं से कहा कि प्राक्कलन से लेकर निविदा और निर्माण कार्य शुरू होने तक सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने नए सड़क और पुल प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को भी ध्यान में रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहने के निर्देश
श्री बंसल ने मैदानी अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने और निर्माण स्थलों की नियमित निगरानी करने कहा। उन्होंने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने जिले के कलेक्टरों से बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।

उन्होंने मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने और ठेकेदारों के कार्यों की कड़ाई से मॉनिटरिंग करने को कहा।
अक्टूबर तक शुरू हों निविदा हो चुके कार्य
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्देश दिए कि जिन नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से शुरू किया जाए। कार्य शुरू होने के बाद उसकी गति और गुणवत्ता दोनों की लगातार निगरानी करने को कहा गया।
उन्होंने सड़क और भवन निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्य मजबूत और टिकाऊ होना चाहिए।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत
श्री बंसल ने सड़कों और पुलों के रखरखाव को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।

उन्होंने कहा कि सड़कें साफ-सुथरी, व्यवस्थित और बेहतर स्थिति में दिखाई देनी चाहिए।
भू-अर्जन और नामांतरण के मामलों को एक माह में निपटाने के निर्देश
बैठक में निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। सचिव ने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम के साथ समन्वय कर नए और पुराने भू-अर्जन प्रकरणों के नामांतरण की कार्रवाई एक माह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के लिए भी कहा।
विश्रामगृहों और सरकारी भवनों के रखरखाव पर जोर
श्री बंसल ने विभाग के विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की जानकारी लेते हुए भवनों में बेहतर साफ-सफाई और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
