रायपुर, 20 अगस्त 2026।
जांजगीर-चांपा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ‘जनसंवाद 2.0 – विकसित भारत ग्राम संकल्प’ का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025, रोजगार के अधिकार, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि गांव के विकास की प्राथमिकताएं तय करने में उनकी सीधी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ से सामने आई ग्रामीणों की आवाज
जनसंवाद 2.0 के दौरान ‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ वोटिंग वॉल के जरिए ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र की प्रमुख जरूरतें बताईं। सड़क, पेयजल, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाएं ग्रामीणों की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहीं।

वहीं ‘125 दिन रोजगार-मेरा अधिकार’ पहल के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार के अधिकार और योजना के प्रावधानों की जानकारी दी गई। ‘विकसित भारत संदेश कार्ड’ के जरिए ग्रामीणों ने अपने सुझाव और विचार भी साझा किए।
‘जनता पूछे-पंचायत बताए’ में मिले सवालों के जवाब
कार्यक्रम के दौरान ‘जनता पूछे-पंचायत बताए’ संवाद मंच भी आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों ने रोजगार, मजदूरी भुगतान, पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों, शिकायत निवारण और अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर सवाल पूछे।
अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें शासन की योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी दी।

कई ग्राम पंचायतों में हुआ जनसंवाद
जनपद पंचायत बलौदा की ग्राम पंचायत मड़वा में सहायक प्रचार-प्रसार अधिकारी श्री देवेंद्र कुमार यादव, सरपंच श्री अजय कुमार सोनवानी, सचिव श्री ओमप्रकाश राठौर और रोजगार सहायक सुश्री निशा कंवर ने ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों की जानकारी दी।
इसी तरह नवागढ़ की ग्राम पंचायत अमोरा और पचेड़ा, अकलतरा की ग्राम पंचायत तरोद तथा बम्हनीडीह की ग्राम पंचायत परसापाली में भी जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ग्रामीणों की भागीदारी से मजबूत होगी ग्राम पंचायत की कार्ययोजना
कार्यक्रमों में पंचायत प्रतिनिधियों, हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने अपने गांव की जरूरतों और विकास कार्यों से जुड़ी प्राथमिकताएं सामने रखीं।

जनसंवाद 2.0 के माध्यम से ग्राम सभा को केवल योजनाओं की जानकारी देने वाले मंच से आगे बढ़ाकर ग्रामीणों की आवाज और विकास प्राथमिकताओं को ग्राम पंचायत की कार्ययोजना से जोड़ने वाले सहभागी मंच के रूप में मजबूत करने की पहल की गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने ‘मेरा गांव-मेरा संकल्प, विकसित भारत का मजबूत आधार’ का सामूहिक संदेश दिया। इससे गांव के विकास में जनभागीदारी बढ़ाने और ‘विकसित गांव से विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में नई पहल को गति मिली।
