रायपुर, 22 जुलाई 2026। मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के छात्र कुलदीप पुरले ने राज्य स्तरीय गौ विज्ञान परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए बी श्रेणी में प्रदेशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित गौ सेवा संगम, गौ सेवकों के अभिनंदन एवं गौ विज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह में उन्हें सम्मानित किया।
कुलदीप की इस सफलता ने न केवल मुंगेली जिले, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
कलेक्टर ने किया सम्मानित
राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट में कुलदीप पुरले का सम्मान किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.पी. डाहिरे, गौ विज्ञान परीक्षा के जिला संयोजक श्री गौकरण डिंडोले, श्री लेखराम साहू सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
1.68 लाख विद्यार्थियों के बीच हासिल की सफलता
इस वर्ष आयोजित गौ विज्ञान परीक्षा में प्रदेशभर से 1 लाख 68 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विभिन्न जिलों से चयनित 510 प्रतिभागियों ने राज्य स्तरीय परीक्षा में हिस्सा लिया, जिनमें मुंगेली जिले के 12 विद्यार्थियों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिला।
इन प्रतिभागियों में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मनोहरपुर के छात्र कुलदीप पुरले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
गौ विज्ञान परीक्षा का उद्देश्य
गौ विज्ञान परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों में गौ संरक्षण, गौ संवर्धन, गौ आधारित कृषि, जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित की जा रही है। यह परीक्षा नई पीढ़ी को भारतीय परंपरा के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
