दुर्ग । किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक और कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा नकली एवं अमानक कृषि आदानों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कृषि विभाग प्रदेशभर में सघन अभियान चला रहा है। इसी क्रम में दुर्ग जिले के ग्राम चिंगरी (अंडा) में बिना वैध लाइसेंस उर्वरक एवं कीटनाशकों का निर्माण, भंडारण और विक्रय कर रहे दो गोदामों को सील कर भारी मात्रा में सामग्री जब्त की गई है।
यह कार्रवाई कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन में किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बिना लाइसेंस चल रहा था निर्माण और भंडारण का कारोबार
कृषि विभाग को ग्राम चिंगरी स्थित चन्द्राकर किराना स्टोर्स परिसर में अवैध रूप से जैव उत्प्रेरक एवं कीटनाशकों के निर्माण और भंडारण की सूचना मिली थी। निरीक्षण के दौरान गोदाम बंद मिला। गोदाम के किरायेदार श्री वरुण त्रिपाठी को मौके पर बुलाया गया, लेकिन उनके असहयोग के चलते मकान मालिक, पंचों और ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार कर गोदाम का ताला खुलवाया गया।
जांच में बिना वैध अनुज्ञप्ति के जैव उत्प्रेरक और कीटनाशकों के निर्माण के लिए कच्चा माल, तैयार उत्पाद, पैकिंग मशीनें और बड़ी मात्रा में रॉ मटेरियल मिला। साथ ही उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 और कीटनाशक अधिनियम के कई प्रावधानों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।
भारी मात्रा में सामग्री और मशीनरी जब्त
कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में जैव उत्प्रेरक, उर्वरक, कीटनाशक, रसायनों से भरे ड्रम, पैकिंग एवं सीलिंग मशीनें तथा अन्य उपकरण जब्त किए गए। संपूर्ण सामग्री को नियमानुसार जब्त कर दोनों गोदामों को सील कर दिया गया है।
दोषियों के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर
कृषि विभाग ने संबंधित संचालकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955, उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 तथा कीटनाशक अधिनियम, 1968 के तहत एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
किसानों के हितों से समझौता नहीं
उप संचालक कृषि श्री संदीप भाई ने कहा कि नकली, अमानक उर्वरकों और कीटनाशकों का निर्माण, कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं और निर्माताओं के लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त किए जाएंगे।
उन्होंने सभी उर्वरक विक्रेताओं और सहकारी समितियों को निर्धारित दर पर ही उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिक कीमत वसूलने या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
खरीफ सीजन में जारी रहेगा सघन अभियान
कृषि विभाग ने बताया कि खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों और कीटनाशकों की उपलब्धता, गुणवत्ता तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसानों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं नकली, अमानक या निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर कृषि आदानों की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत निकटतम कृषि विभाग कार्यालय को दें।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और प्रदेशभर में नकली कृषि आदानों तथा अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
