संगीता सिंह चौहान
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव के कथित बयान को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक द्वारा दुर्दांत नक्सली कमांडर हिड़मा का महिमामंडन किया गया है, जो छत्तीसगढ़ के शहीद जवानों और नक्सली हिंसा के पीड़ितों का अपमान है। उन्होंने अटल श्रीवास्तव से बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग की है।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि हिड़मा झीरम घाटी, ताड़मेटला और बीजापुर-सुकमा सहित कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है। ऐसे व्यक्ति की तुलना महान विभूतियों से करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह का बयान कांग्रेस की नक्सलवाद के प्रति सोच को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि एक ओर राज्य सरकार बस्तर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए नक्सलवाद के खिलाफ अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं के बयान नक्सलियों के प्रति सहानुभूति दर्शाते हैं।
भाजपा नेता ने कांग्रेस आलाकमान और प्रदेश नेतृत्व से यह भी पूछा कि क्या वे अपने विधायक के बयान से सहमत हैं। यदि नहीं, तो अब तक उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि नक्सली हिंसा में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों की भावनाओं को इस तरह के बयान आहत करते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अटल श्रीवास्तव सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी नहीं मांगते हैं, तो भाजपा इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।
