रायपुर | 13 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ सरकार की भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना ग्रामीण श्रमिक परिवारों के लिए आर्थिक सहारा बन रही है। सक्ती जिले के ग्राम नंदौर कला निवासी भूमिहीन कृषि मजदूर दयाराम सतनामी इस योजना का लाभ लेकर अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रहे हैं।
दयाराम के पास अपनी कृषि भूमि नहीं है और वे वर्षों से मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते रहे हैं। सीमित आय के कारण दैनिक खर्च, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करना उनके लिए कठिन होता था।
राज्य सरकार की योजना के तहत उन्हें प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। इस राशि का उपयोग वे घरेलू खर्च, इलाज और परिवार की अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में कर रहे हैं। नियमित सहायता मिलने से परिवार पर आर्थिक दबाव कम हुआ है और जीवन में स्थिरता आई है।
दयाराम का कहना है कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि भूमिहीन श्रमिक परिवारों के लिए सम्मान, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी लेकर आई है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल उनके जैसे हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
