सुकमा । सुकमा जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत गादीरास में आयोजित निःशुल्क मेगा मेडिकल कैंप ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस शिविर में 447 ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच, उपचार और निःशुल्क दवाइयों का लाभ मिला।
मेगा मेडिकल कैंप में आंध्र प्रदेश के Great Eastern Medical School and Hospital के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जिला स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर मरीजों का परीक्षण किया। मेडिसिन, जनरल सर्जरी, बाल रोग और हड्डी रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया।
शिविर के दौरान सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी और 2डी-ईको जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी बिना किसी शुल्क के की गईं। इससे दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने गांव के निकट ही उपलब्ध हो सकीं और उपचार पर होने वाला खर्च भी बचा।

जांच के दौरान गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया। इनमें 12 अस्थि रोग, 10 शिशु रोग और 27 जनरल सर्जरी के मरीज शामिल हैं। जिला प्रशासन ने इन मरीजों के आवागमन के लिए निःशुल्क बस सुविधा की भी व्यवस्था की, ताकि इलाज में किसी प्रकार की बाधा न आए।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों तक पहुंचाया गया। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को 62 आयुष्मान कार्ड और 10 वय वंदन कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें भविष्य में स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
गादीरास में आयोजित यह मेगा मेडिकल कैंप दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, निःशुल्क जांच, दवाइयां, रेफरल सुविधा और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों में स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति विश्वास और संतोष बढ़ा है।
