रायपुर, 12 जुलाई 2026। वर्षों तक दूसरों के लिए ईंट-पत्थरों से पक्के मकान बनाने वाले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम गुहाटोला निवासी श्यामसिंह चंद्रवंशी का अपना घर बनाने का सपना आखिरकार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से पूरा हो गया। सीमित आय और आर्थिक कठिनाइयों के कारण लंबे समय तक कच्चे मकान में रहने वाले श्यामसिंह ने अब अपने ही हाथों से अपने परिवार के लिए सुरक्षित और मजबूत पक्का घर तैयार किया है।
खेती के साथ राजमिस्त्री का कार्य करने वाले श्यामसिंह चंद्रवंशी वर्षों से अपने परिवार के लिए एक पक्के घर का सपना देख रहे थे। लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के चलते यह सपना साकार नहीं हो पा रहा था। बरसात में टपकती छत, तेज हवाओं का खतरा और हर मौसम में परिवार की सुरक्षा की चिंता उनके जीवन का हिस्सा बन चुकी थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मिली आर्थिक सहायता ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई। एक राजमिस्त्री होने के कारण उन्होंने किसी दूसरे की मदद लेने के बजाय अपने ही हाथों से अपने सपनों का आशियाना तैयार किया। श्यामसिंह बताते हैं कि वर्षों तक दूसरों के लिए मकान बनाते समय उनके मन में हमेशा यह इच्छा रहती थी कि एक दिन उनका भी अपना पक्का घर होगा। योजना की मदद से आज वह सपना साकार हो गया है।
नए पक्के मकान में रहने के बाद उनके परिवार का जीवन पूरी तरह बदल गया है। अब बारिश के दिनों में छत टपकने या तेज हवाओं में घर को नुकसान पहुंचने की चिंता नहीं रहती। बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिला है, जहां वे निश्चिंत होकर पढ़ाई कर पा रहे हैं और पूरा परिवार सम्मान तथा सुरक्षा के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है।
श्यामसिंह चंद्रवंशी ने इस बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) गरीब परिवारों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने वाली महत्वपूर्ण योजना साबित हो रही है।
