रायपुर। प्रखर राष्ट्रवादी नेता और महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सोमवार को रायपुर स्थित लोक भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण को किया याद
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि उनके विचार और आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में युवाओं का मार्गदर्शन करते हैं।
युवाओं से आदर्शों को अपनाने की अपील
राज्यपाल ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और देश के विकास तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए।
लोक भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया।
