रायपुर, 01 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 लोगों की शिकायतों के समयबद्ध निराकरण का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आई है। इसका एक उदाहरण जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम सेमरा निवासी रवि कुमार बर्मन हैं, जिनकी राशन कार्ड संबंधी समस्या का त्वरित समाधान किया गया।
तकनीकी त्रुटि के कारण बंद हो गया था राशन
रवि कुमार बर्मन को राशन कार्ड में तकनीकी त्रुटि होने के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत मिलने वाले राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा था। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने 15 जून 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही विभाग ने की कार्रवाई
शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग ने मामले की जांच की। जांच में राशन कार्ड में तकनीकी त्रुटि की पुष्टि होने पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर कार्ड में संशोधन किया गया।
त्रुटि दूर होने के बाद राशन कार्ड दोबारा सक्रिय कर दिया गया, जिससे रवि कुमार बर्मन को फिर से नियमित रूप से राशन मिलने लगा। अब वे पात्रता के अनुसार अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।
हितग्राही ने मुख्यमंत्री और प्रशासन का जताया आभार
समस्या का समय पर समाधान होने पर रवि कुमार बर्मन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करने वाले शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का भरोसेमंद मंच बन गई है, जहां शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई होने से लोगों का शासन के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
