राजनांदगांव | 2 जुलाई 2026
राजनांदगांव जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। 5 जुलाई को जिले की सभी स्कूल बसों का भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) किया जाएगा। इसके साथ ही बस चालकों और परिचालकों (कंडक्टरों) का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा।
यह विशेष जांच अभियान सुबह 9 बजे से पुलिस रक्षित केंद्र, राजनांदगांव में आयोजित होगा। यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
16 सुरक्षा मानकों पर होगी जांच
जांच के दौरान स्कूल बसों में निर्धारित 16 सुरक्षा बिंदुओं की जांच की जाएगी। इसके अलावा बसों में लगे वीएलटीडी (Vehicle Location Tracking Device) और पैनिक बटन की भी अनिवार्य रूप से जांच होगी, ताकि आपात स्थिति में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ड्राइवरों की होगी आंखों की जांच
बस चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा, जिसमें विशेष रूप से नेत्र परीक्षण (Eye Test) भी शामिल रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वाहन चालक पूरी तरह स्वस्थ हों और सुरक्षित तरीके से बच्चों को स्कूल पहुंचा सकें।
वर्दी के साथ बस लेकर पहुंचना होगा
सभी स्कूल संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अपने वाहन को जांच के लिए प्रस्तुत करें। साथ ही वाहन चालक और परिचालक निर्धारित वर्दी में उपस्थित रहें।
नहीं पहुंची बस तो होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो स्कूल बसें जांच के लिए प्रस्तुत नहीं होंगी, उन्हें अनफिट माना जाएगा और उनके खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे इस सुरक्षा अभियान में पूर्ण सहयोग करें, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
