कवर्धा। कबीरधाम जिले के ग्राम गधहाभाटा को अब नई पहचान मिल गई है। राज्य शासन द्वारा आधिकारिक रूप से गांव का नाम बदलकर ‘सोनपुर’ कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने ग्राम सोनपुर पहुंचकर ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपते हुए इस ऐतिहासिक निर्णय की बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने गांव के विकास के लिए 7 लाख 50 हजार रुपये के विभिन्न कार्यों की भी घोषणा की।
लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामवासियों की लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग थी। स्थानीय जनभावनाओं और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। मंत्रिमंडल की स्वीकृति और राज्यपाल की मंजूरी के बाद नाम परिवर्तन का राजपत्र में प्रकाशन किया गया।
यह भी पढ़ें: घर के सामने से किराना व्यवसायी का अपहरण, CCTV……….. आगे पढ़ें

उन्होंने कहा कि अब सोनपुर नाम सरकारी अभिलेखों, राजस्व रिकॉर्ड और ऑनलाइन पोर्टलों में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से नए नाम को दैनिक व्यवहार में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियां इसी पहचान के साथ गांव को जानेंगी।
स्थानीय पहचान और आत्मसम्मान को मिला सम्मान
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के नाम केवल पहचान नहीं होते, बल्कि वे स्थानीय इतिहास, संस्कृति और जनभावनाओं से जुड़े होते हैं। गधहाभाटा से सोनपुर नाम परिवर्तन ग्रामीणों के आत्मसम्मान और क्षेत्रीय गौरव को मजबूत करने वाला कदम है।

उन्होंने बताया कि जिले के एक अन्य गांव चांडालपुर का नाम भी बदलकर चंदनपुर किया गया है, जिसका राजपत्र प्रकाशन भी हो चुका है।
विकास कार्यों के लिए 7.5 लाख रुपये की घोषणा
ग्राम सोनपुर के विकास को गति देने के लिए उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसमें—
- सामुदायिक भवन मरम्मत के लिए 2.50 लाख रुपये
- किचन निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये
- गौठान समतलीकरण के लिए 1 लाख रुपये
- पचारी निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये
की राशि शामिल है।
प्रधानमंत्री आवास योजना पर भी दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के नवीन सर्वे की जानकारी देते हुए कहा कि 24 जून को विशेष ग्राम सभा आयोजित कर पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन किया जाएगा। उन्होंने सभी ग्रामीणों से ग्राम सभा में उपस्थित होकर पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
बड़ी संख्या में शामिल हुए ग्रामीण
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, पिपरिया नगर पंचायत अध्यक्ष घुरवा राम साहू, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
