रायपुर, 10 नवंबर 2026। पारंपरिक कला और मेहनत के दम पर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रहीं सूरजपुर जिले के ग्राम केशवनगर की श्रीमती सोनकुमारी प्रजापति को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ओर से विशेष प्रोत्साहन मिला है। मुख्यमंत्री की ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से मिले आत्मीय संदेश ने उनके उत्साह और आत्मविश्वास को नई मजबूती दी है।
श्रीमती सोनकुमारी प्रजापति मिट्टी से दीये, गुल्लक और मटके सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार करती हैं। अपनी पारंपरिक कला और हुनर को आजीविका से जोड़ते हुए वे महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। उनका प्रयास न केवल उनकी मेहनत और रचनात्मकता को दर्शाता है, बल्कि स्थानीय पारंपरिक कला को आगे बढ़ाने का भी उदाहरण है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोनकुमारी को पत्र लिखकर उनके कार्यों की सराहना की और इसी समर्पण एवं लगन के साथ आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री का पत्र मिलने पर सोनकुमारी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि मुख्यमंत्री स्वयं उन्हें पत्र लिखकर उनके काम की प्रशंसा करेंगे। उनके लिए यह पल बेहद खास, खुशी और गर्व से भरा रहा।
सोनकुमारी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रोत्साहन से उन्हें अपने काम को और बेहतर बनाने की प्रेरणा मिली है। मुख्यमंत्री के संदेश ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया है और अब वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए और अधिक उत्साहित हैं। उन्हें विश्वास है कि आगे भी मिलने वाला मार्गदर्शन और सहयोग उनके प्रयासों को नई दिशा देगा।
मुख्यमंत्री श्री साय की ‘विष्णु की पाती’ पहल प्रदेश के नागरिकों से आत्मीय संवाद का माध्यम बन रही है। इसके जरिए समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के हुनर, मेहनत और उपलब्धियों को सम्मान दिया जा रहा है। सोनकुमारी जैसी महिलाएं अपनी पारंपरिक कला को आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भरता की राह बना रही हैं। मुख्यमंत्री का यह प्रोत्साहन उनके प्रयासों को पहचान देने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं को अपने हुनर और कौशल के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दे रहा है।
