नारायणपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नारायणपुर के कोटमहर गार्डन में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नागरिकों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया और सभी को योग संकल्प की शपथ दिलाई।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य देन है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है और आज यह एक वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है।

उन्होंने कहा कि विश्व के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवन जी रहे हैं।
योग केवल व्यायाम नहीं, संपूर्ण जीवन पद्धति
वनमंत्री कश्यप ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली वैज्ञानिक जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से शांत और आत्मिक रूप से समृद्ध बनाता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली, तनाव और बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में उभरा है। योग व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और जीवन को अनुशासित बनाता है।

स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का आधार है योग
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार, स्वस्थ परिवार से स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। इसलिए योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से नियमित योग करने, अपने परिवार और समाज को योग के लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ, स्वच्छ और व्यसनमुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
सामूहिक योगाभ्यास में दिखा उत्साह
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कोटमहर गार्डन में आयोजित इस सामूहिक योग सत्र में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और स्कूली विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर मंत्री केदार कश्यप ने उपस्थित लोगों को नियमित योग करने का संकल्प दिलाया और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
