मनेंद्रगढ़/रायपुर, 10 नवंबर 2026। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई है। मनेंद्रगढ़ बस स्टैंड के सामने स्थित भूपेन्द्र क्लब परिसर में प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन का स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधिवत शिलान्यास किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के तत्वावधान में बनने वाले इस संस्थान के निर्माण पर 868.35 लाख रुपये यानी लगभग 8 करोड़ 68 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस अवसर पर मंत्री ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की और निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज का भवन जी+2 संरचना पर आधारित होगा, जिसमें भूतल सहित कुल तीन मंजिलें होंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। भवन का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस संस्थान में चार वर्षीय नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित करने का प्रावधान है।
नर्सिंग कॉलेज की स्थापना जिले के विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है। अब मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों या राज्यों में जाने की आवश्यकता कम होगी। उन्हें अपने ही क्षेत्र में व्यावसायिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। साथ ही प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की उपलब्धता बढ़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मनेंद्रगढ़ के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व एवं प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कॉलेज जिले के बच्चों के भविष्य को संवारने के साथ उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज जैसे संस्थानों की स्थापना से जिले की तस्वीर बदलेगी और आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने दीपावली, गौरी-गौरा, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि नर्सिंग कॉलेज का निर्माण मेडिकल कॉलेज के समीप किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण कार्यों को देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों के माध्यम से जिले के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में शिक्षा प्राप्त करने और आगे चलकर स्थानीय स्तर पर सेवाएं देने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सीएमसी ने बताया कि 868.35 लाख रुपये की लागत से बनने वाला नर्सिंग कॉलेज भवन तीन मंजिला होगा। इसमें चार वर्षीय पाठ्यक्रम के संचालन की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने इस संस्थान की स्थापना में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विशेष योगदान का उल्लेख किया।
मंत्री जायसवाल ने जिले में प्रस्तावित और प्रगतिरत विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले समय में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिलने वाली है। इनमें चैनपुर से साजा पहाड़ तक सड़क निर्माण, नागपुर-चिरमिरी रेलवे लाइन, मेडिकल कॉलेज से चिरमिरी तक सड़क निर्माण, मेडिकल कॉलेज से पाराडोल रेलवे स्टेशन तक सड़क और सिद्ध बाबा मंदिर पहुंच मार्ग का भूमिपूजन शामिल हैं। इसके साथ ही नालंदा लाइब्रेरी का भूमिपूजन, खड़गवां में कृषि महाविद्यालय और चिरमिरी में हॉर्टिकल्चर कॉलेज जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवागमन और रोजगार के क्षेत्र में जिले के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के संबंध में भी किसानों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसान अपनी वास्तविक उपज के अनुसार ही धान की बिक्री करें और निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा पूरी करने के लिए बाहर से धान जुटाने की परेशानी न उठाएं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी किसान के पास 10 एकड़ जमीन है, लेकिन उसकी वास्तविक उपज 210 क्विंटल नहीं हुई है, तो उसे शेष धान की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं है। किसान के पास जितना धान उपलब्ध है, उतना ही सोसायटी में बेचें। शेष अंतर की राशि सरकार कृषक उन्नति योजना के माध्यम से उपलब्ध कराएगी।
मंत्री ने बताया कि धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि 3100 रुपये के अंतर के अनुसार 659 रुपये प्रति क्विंटल की राशि कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को सहायता के रूप में दी जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के लिए अनावश्यक रूप से दूसरों से धान खरीदने की कोशिश न करें और अपनी वास्तविक उपज के अनुसार ही धान बेचें।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा ने कहा कि नर्सिंग कॉलेज की सौगात मिलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें नर्सिंग की पढ़ाई के लिए दूसरे जिले या राज्य में जाने की आवश्यकता कम होगी। नगर पालिका
