रायपुर, 10 नवम्बर 2026
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। योजना के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं ऋण और वित्तीय सहयोग प्राप्त कर विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़ रही हैं। इससे उनकी आय के साधनों में वृद्धि हो रही है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत बन रही है। सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मुटकी की श्रीमती विनीता सिंह ने भी बिहान योजना से जुड़कर स्वरोजगार की शुरुआत की और आज लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं।
शक्ति महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी श्रीमती विनीता सिंह बताती हैं कि पहले उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। आय के पर्याप्त साधन नहीं होने के कारण परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसे समय में बिहान योजना से जुड़ने के बाद उन्हें स्वरोजगार शुरू करने का अवसर मिला। समूह के माध्यम से उन्होंने पहली बार 15 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया और गांव में एक छोटी किराना दुकान शुरू की। दुकान से होने वाली आमदनी ने परिवार को आर्थिक सहारा दिया और धीरे-धीरे उनकी स्थिति में सुधार आने लगा।
50 हजार रुपये के ऋण से बढ़ाया व्यवसाय, बकरी पालन से जुड़े आय के नए साधन
दुकान संचालन से मिले अनुभव और स्व-सहायता समूह के सहयोग ने विनीता सिंह को अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने समूह से 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया और इस राशि से दुकान में सामान बढ़ाकर व्यवसाय को आगे बढ़ाया। इसके साथ ही उन्होंने बकरी पालन का कार्य भी शुरू किया। किराना दुकान के साथ बकरी पालन से उन्हें आय का एक अतिरिक्त स्रोत मिला। अपनी मेहनत और समूह के सहयोग से उन्होंने स्वरोजगार की गतिविधियों को लगातार आगे बढ़ाया।
सिंचाई की सुविधा मिलने से शुरू की सब्जी-भाजी की खेती
विनीता सिंह ने अपनी आर्थिक स्थिति को और मजबूत बनाने के लिए कृषि गतिविधियों की ओर भी कदम बढ़ाया। उन्होंने बताया कि पानी की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण खेती और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में परेशानी होती थी। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने बोर निर्माण की पहल की। इसके लिए समूह के माध्यम से डेढ़ लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया और बोर का निर्माण करवाया। पानी की सुविधा उपलब्ध होने के बाद उन्होंने सब्जी-भाजी की खेती शुरू की।
इस तरह किराना दुकान, बकरी पालन और सब्जी उत्पादन को आजीविका का माध्यम बनाकर विनीता सिंह ने अपनी आय के कई स्रोत विकसित किए। इन गतिविधियों से परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी सहूलियत मिली।
आर्थिक तंगी से आत्मनिर्भरता तक का सफर, बनीं लखपति दीदी
बिहान योजना से जुड़ने के बाद विनीता सिंह के जीवन में उल्लेखनीय बदलाव आया है। कभी सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण परिवार की जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करने वाली विनीता आज स्वयं अपने व्यवसाय और आजीविका गतिविधियों का संचालन कर रही हैं। एक छोटी दुकान से शुरू हुआ उनका सफर अब किराना व्यवसाय, बकरी पालन और सब्जी की खेती तक पहुंच चुका है।
विनीता बताती हैं कि स्व-सहायता समूह से समय-समय पर मिले ऋण और स्वयं की मेहनत ने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने में मदद की। आज वे लखपति दीदी बन चुकी हैं और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को निभाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। स्वरोजगार से मिली इस मजबूती ने उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है।
बिहान योजना से बदली जिंदगी, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रीमती विनीता सिंह ने कहा, “बिहान योजना से जुड़कर मेरे घर-परिवार की स्थिति सुधर गई है। मैंने समूह से ऋण लेकर दुकान खोली, बकरी पालन किया और सब्जी-भाजी की खेती शुरू की। आज मैं लखपति दीदी बन चुकी हूं और अपने पैरों पर खड़ी हूं।” उन्होंने आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समूहों के माध्यम से मिलने वाली वित्तीय सहायता महिलाओं को छोटे व्यवसाय शुरू करने और उनका विस्तार करने का अवसर प्रदान कर रही है। विनीता सिंह की सफलता इस बात का उदाहरण है कि सही मार्गदर्शन, वित्तीय सहयोग और निरंतर मेहनत से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल कर अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
