अंबिकापुर। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में चल रहे प्रमुख निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने पहुंचे लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेने के साथ ही विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
समीक्षा बैठक में सरगुजा कलेक्टर श्री अजीत वसंत, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिले में संचालित निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बारिश से पहले सड़क मरम्मत और रखरखाव को प्राथमिकता
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री बंसल ने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सड़क रखरखाव और गड्ढा मरम्मत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए बारिश शुरू होने से पहले सभी आवश्यक मरम्मत कार्य पूरे किए जाने चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को पुल-पुलियों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की यातायात बाधा नहीं आनी चाहिए। साथ ही सड़कों और पुलों की नियमित निगरानी और निरीक्षण जारी रखने को भी कहा।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, फील्ड मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश
श्री बंसल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी परियोजना में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्यों की निगरानी करने और निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मैदानी अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की।
समीक्षा बैठक के बाद लोक निर्माण विभाग के सचिव ने अंबिकापुर में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग बायपास परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने अंडरपास, पुल और अन्य संरचनात्मक निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान आम नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, इसका भी विशेष ध्यान रखने को कहा।
मेडिकल कॉलेज निर्माण को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान श्री बंसल ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचकर निर्माणाधीन भवनों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को मेडिकल कॉलेज परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधोसंरचना से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं है। मेडिकल कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।
PWD सचिव ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अधोसंरचना विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी विभागीय अधिकारी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
