बैकुंठपुर। कोरिया जिले में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और भवनों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। इस दौरान स्थानीय विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री बंसल ने अधिकारियों को निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर कार्यों का निरीक्षण करें और निर्माण की गुणवत्ता तथा निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप और समय पर पूर्ण होने चाहिए, ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

समीक्षा बैठक के दौरान विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ने जिले की बहुप्रतीक्षित सड़क और पुल परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से कोरिया जिले के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रस्तावों पर विभाग का ध्यान आकर्षित किया।
वहीं कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले में प्रस्तावित महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं की जानकारी देते हुए विकासखंड मुख्यालय सोनहत में सर्किट हाउस निर्माण की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक कार्यों और क्षेत्रीय विकास गतिविधियों को गति मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने विधायक और कलेक्टर द्वारा प्रस्तुत सुझावों एवं प्रस्तावों पर सकारात्मक सहमति जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्राक्कलन (Estimate) तैयार कर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
श्री बंसल ने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण और मुआवजा प्रक्रिया को नियमानुसार पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए एकीकृत प्राक्कलन शासन को भेजा जाए, जिससे निविदा प्रक्रिया समय पर प्रारंभ हो सके और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और विकास परियोजनाओं को गति देने पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी प्रस्तुत की।
