झिरिया। जनसंपर्क और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने के उद्देश्य से वनांचल क्षेत्र के ग्राम झिरिया में बरगद के पेड़ की छांव तले जनचौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा विकास कार्यों पर फीडबैक लिया गया। जनचौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं, सुझाव और स्थानीय आवश्यकताओं से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की साय सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि शासन की विभिन्न योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
जनचौपाल में उपस्थित ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों और अन्य स्थानीय आवश्यकताओं को लेकर अपने सुझाव साझा किए। संबंधित अधिकारियों को इन सुझावों पर गंभीरता से अमल करने और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर कहा गया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में गांव तक बिजली पहुंची है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। इसके साथ ही क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को भी गति मिली है, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
ग्रामीणों ने भी जनचौपाल के माध्यम से अपनी बात सीधे रखने के अवसर का स्वागत किया और क्षेत्र के विकास के लिए शासन-प्रशासन से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
