भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लिए सोमवार का दिन गौरव और सम्मान का प्रतीक बन गया, जब छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भाटापारा में छत्तीसगढ़ महतारी और देश के वीर सपूत शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और छत्तीसगढ़ी अस्मिता का अनूठा संगम देखने को मिला।
एक दिवसीय प्रवास पर भाटापारा पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सबसे पहले छत्तीसगढ़ महतारी चौक पहुंचकर नवनिर्मित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी प्रदेश की पहचान, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें: नारायणपुर को मिली नई बैंकिंग सुविधा, मंत्री केदार कश्यप ने जिला ……….. आगे पढ़ें
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के वीर योद्धा फ्लाइट लेफ्टिनेंट शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे की प्रतिमा युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का अद्वितीय उदाहरण है। देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूल सकता और उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

समारोह के दौरान डॉ. रमन सिंह ने शहीद के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने शहीद की पुत्री प्रिया खोण्डे और भाई प्रभाकर खोण्डे से आत्मीय चर्चा कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान मौजूद लोगों ने शहीद परिवार के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की।
यह भी पढ़ें: CG Education News : शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों का हुआ भव्य स्वागत, उप मुख्यमंत्री ……….. आगे पढ़ें
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा और डॉ. सनम जांगड़े सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा तथा बड़ी संख्या में नगरवासी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
भाटापारा में आयोजित इस समारोह को सांस्कृतिक गौरव, राष्ट्रभक्ति और वीर सपूतों के सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इसे शहर के लिए एक ऐतिहासिक और यादगार अवसर बताया।
