नारायणपुर। प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज नारायणपुर जिले को सहकारिता के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी। उन्होंने लगभग 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा भवन का लोकार्पण किया। नई शाखा के शुरू होने से किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमियों और आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सुगमता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध हो सकेंगी।
लोकार्पण समारोह में मंत्री केदार कश्यप ने भवन का अनावरण कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राज्य सरकार सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
यह भी पढ़ें: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया छत्तीसगढ़ महतारी और शहीद खोण्डे की प्रतिमा का अनावरण ……….. आगे पढ़ें

उन्होंने कहा कि नई शाखा के संचालन से किसानों को कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन ऋण, स्वरोजगार योजनाओं और अन्य वित्तीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। अब ग्रामीणों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी।
यह भी पढ़ें: CG Education News : शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों का हुआ भव्य स्वागत, उप मुख्यमंत्री ……….. आगे पढ़ें
मंत्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना और हर पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने बैंक परिसर में नोडल कार्यालय भवन, बैठक हॉल में शेड निर्माण तथा शौचालय निर्माण की घोषणा भी की। इन सुविधाओं के विकसित होने से बैंक परिसर में आने वाले किसानों और हितग्राहियों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर 15 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड एवं बीज का वितरण भी किया गया। किसानों ने इसे खेती-किसानी और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम को पूर्व सांसद एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप तथा बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने भी संबोधित किया। उन्होंने सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास को गति देने पर जोर दिया।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि नई शाखा में ग्राहकों की सुविधा के लिए आधुनिक बैंकिंग व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। शाखा में डिजिटल बैंकिंग सेवाएं, सुव्यवस्थित काउंटर, त्वरित सेवा प्रणाली और पारदर्शी लेन-देन की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे ग्राहकों को सुरक्षित, तेज और गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघुवनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
नई शाखा के लोकार्पण को जिले में सहकारिता और ग्रामीण वित्तीय सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे किसानों और ग्रामीण हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं तथा बैंकिंग सेवाओं का लाभ और अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।
