लोरमी। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम बिजराकछार में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री अरुण साव ने शासकीय प्राथमिक शाला पहुंचकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और ग्रामीणों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बच्चों को निःशुल्क शाला गणवेश और पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया। नए सत्र की शुरुआत में शैक्षणिक सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
यह भी पढ़ें: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया छत्तीसगढ़ महतारी और शहीद खोण्डे की प्रतिमा का अनावरण ……….. आगे पढ़ें

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी अवलोकन किया। विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और गर्मी के मौसम में उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बच्चों को थर्मस बोतलों का वितरण किया। इस पहल की अभिभावकों और ग्रामीणों ने सराहना की।
इस अवसर पर श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के हर बच्चे को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।

उन्होंने कहा कि शिक्षा ही भविष्य निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है और राज्य सरकार विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए भी निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेशभर में संचालित शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य बच्चों को विद्यालयों से जोड़ना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना है।
यह भी पढ़ें: नारायणपुर को मिली नई बैंकिंग सुविधा, मंत्री केदार कश्यप ने जिला ……….. आगे पढ़ें
विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करने के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शासकीय प्राथमिक शाला बिजराकछार में किचन शेड और रंगमंच निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों से विद्यालय की सुविधाओं में विस्तार होगा और विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने विद्यालय के विकास के लिए की गई घोषणा का स्वागत किया। शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से बच्चों में नए सत्र को लेकर उत्साह देखने को मिला और विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्सवी माहौल से सराबोर रहा।
