बिलासपुर।
जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धौराभाठा में एक विधवा महिला द्वारा पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई गई है। पीड़ित महिला सुखमति यादव का आरोप है कि उनके घर के ठीक सामने एक व्यक्ति द्वारा सेप्टिक टैंक का निर्माण कर उसका उपयोग किया जा रहा है, जिससे निकलने वाला अपशिष्ट और गंदा पानी सीधे उनके घर के सामने जमा हो रहा है। इससे न केवल आसपास गंदगी और दुर्गंध फैल रही है, बल्कि उनके घर आने-जाने का रास्ता भी प्रभावित हो गया है।
पीड़िता का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित व्यक्ति से सेप्टिक टैंक के अपशिष्ट निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था करने और आवागमन के लिए रास्ता छोड़ने की मांग की, लेकिन उनकी बात को अनसुना कर दिया गया। आरोप है कि विरोध करने पर संबंधित व्यक्ति उनके साथ अभद्र व्यवहार करता है और मारपीट की धमकी भी देता है।

सुखमति यादव ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर भी शिकायत की थी। उन्होंने गांव के सरपंच से हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने स्थानीय हिर्री थाना पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाही, लेकिन वहां से भी उन्हें अपेक्षित सहायता नहीं मिल सकी।
लगातार परेशानी और निराशा के बाद पीड़ित महिला ने बिलासपुर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उनके घर के सामने हो रहे गंदे पानी के निकास को रोका जाए, आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराया जाए तथा दोषी व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
पीड़िता का कहना है कि एक विधवा महिला होने के कारण वह लंबे समय से मानसिक और सामाजिक परेशानियों का सामना कर रही हैं। घर के सामने गंदगी और रास्ता बंद होने से उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। अब उन्हें जिला प्रशासन से न्याय और त्वरित कार्रवाई की उम्मीद है।
