“आवास के लिए गिड़गिड़ाया परिवार”
गरियाबंद|
गरियाबंद जिले में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान एक भावुक दृश्य सामने आया, जब विशेष पिछड़ी जनजाति कमार परिवार ने जिला पंचायत CEO के पैरों में गिरकर प्रधानमंत्री आवास दिलाने की मांग की।
यह मामला माडागांव में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जहां देवभोग विकासखंड के बरही गांव से पहुंचे कमार परिवार ने दंडवत प्रणाम कर अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी।
परिवार का कहना है कि उन्हें अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। कार्यक्रम में पहुंचे परिवार ने अधिकारियों से आवास स्वीकृत कराने की मांग की।
घटना के दौरान मौजूद लोगों के बीच यह दृश्य चर्चा का विषय बन गया।कमार जनजाति छत्तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजातियों में शामिल है। इन्हें राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र के रूप में भी जाना जाता है।
यह भी पढ़ें : शव वाहन नहीं मिला तो ट्रैक्टर में ले जाना पड़ा शव, बलरामपुर में पहाड़ी कोरवा परिवार की मजबूरी …..
ऐसे में आवास जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परिवार की इस अपील ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुशासन तिहार के दौरान सामने आई इस तस्वीर के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि योजनाओं के दावों के बावजूद आज भी कई जरूरतमंद परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित क्यों हैं।
परिवार द्वारा लगाए गए आरोप और मांगें मौके पर सामने आई जानकारी के आधार पर प्रकाशित की गई हैं। प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है।
