रायपुर, 24 नवंबर 2026
उप मुख्यमंत्री अरुण साव 25 नवंबर को बिलासपुर और मुंगेली जिले के प्रवास पर रहेंगे। अपने जन्मदिन के अवसर पर वे देवरहट, लोरमी और मुंगेली में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वे देवरहट में कश्यप समाज के भवन का उद्घाटन करेंगे और आयुष्मान आरोग्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान कार्यक्रम का जायजा लेंगे। लोरमी के मानस मंच में उनका नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। अपने प्रवास की शुरुआत उप मुख्यमंत्री रतनपुर स्थित मां महामाया देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना से करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री साव 25 नवंबर को सुबह 8 बजे बिलासपुर से कुदुदंड स्थित तुलजा भवानी मंदिर के पास ‘मातृ छाया’ के लिए रवाना होंगे। सुबह 9 बजे रतनपुर पहुंचकर मां महामाया देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे कोटा और दोपहर 12 बजे तखतपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दोपहर 1 बजे मुंगेली जिले के बरेला और 1:30 बजे जरहागांव में आयोजित कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति रहेगी।
उप मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे लोरमी के देवरहट स्थित मिडिल स्कूल में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होंगे। यहां वे कश्यप समाज भवन का उद्घाटन करेंगे तथा आयुष्मान आरोग्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान कार्यक्रम का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे देवरहट से लोरमी के लिए रवाना होंगे।
साव शाम 6 बजे लोरमी पहुंचेंगे। शाम 6:30 बजे मानस मंच में आयोजित जन्मोत्सव एवं नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे। शाम 7:30 बजे सरदार जी ज्वेलर्स का उद्घाटन करने के साथ मानसी इंटरप्राइजेज में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
उप मुख्यमंत्री रात 8:30 बजे मुंगेली के विश्राम गृह मैदान में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद रात 9:30 बजे मुंगेली से बिलासपुर के लिए रवाना होकर रात 10:30 बजे बिलासपुर पहुंचेंगे।
