रायपुर, 24 नवंबर 2026
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के जिला मुख्यालय कवर्धा के हटरी पारा में 9 लाख 75 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित महर्षि कश्यप चौक का लोकार्पण किया तथा महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर महर्षि कश्यप का स्मरण किया। नवनिर्मित चौक को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में कसौधन गुप्ता समाज के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने का उद्देश्य केवल उनका स्मरण करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा देना भी है। छत्रपति शिवाजी महाराज और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं भी इसी उद्देश्य से स्थापित की गई हैं। उन्होंने बताया कि कवर्धा शहर में आने वाले समय में अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी। युवाओं को महापुरुषों के जीवन मूल्यों का अध्ययन कर उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप चौक और उनकी प्रतिमा का निर्माण समाज की आस्था, श्रद्धा और महर्षि कश्यप के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डीएफओ कार्यालय के सामने चौपाटी शुरू हो चुकी है और हनुमंत वाटिका को नगरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इसी तरह पुराने काष्ठागार परिसर में शिव वाटिका का निर्माण कराया जाएगा। बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार और भव्य निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विंध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश व्यवस्था विकसित की जा रही है तथा मंदिर परिसर में विशाल हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, भोरमदेव मंदिर परिसर में भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 146 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं और वहां निर्माण कार्य जारी है। इस कॉरिडोर के निर्माण से आने वाले समय में भोरमदेव मंदिर का धार्मिक एवं पर्यटन महत्व और अधिक बढ़ेगा।

शर्मा ने कहा कि कवर्धा के विकास को गति देने के लिए बिलासपुर और रायपुर मार्ग पर लगभग 56 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके साथ ही शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का उन्नयन भी किया जा रहा है। नए बस स्टैंड तक आवागमन सुगम बनाने के लिए ठाकुरदेव चौक से घोटिया रोड तक लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाई गई है। नया बस स्टैंड भी प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में व्यापारिक केंद्र विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे, जिससे नगर का विस्तार हो सके और स्थानीय व्यापारियों को बेहतर अवसर मिल सकें।

नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी ने देव दीपावली एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा का अनावरण समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। महर्षि कश्यप जैसे महान ऋषियों और महापुरुषों ने समाज एवं राष्ट्र को सही दिशा देने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचारों, आदर्शों और बताए गए मार्ग पर चलना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज देश और समाज को ऐसे राष्ट्रभक्त, समाजसेवी एवं संस्कारवान व्यक्तित्वों की आवश्यकता है, जो आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा दिखा सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, देवेंद्र गुप्ता, कवर्धा शहर समाज के अध्यक्ष प्रभात गुप्ता, समाज के वरिष्ठ एवं मार्गदर्शक आत्मानंद गुप्ता, नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष पवन जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।
