रायपुर, 24 नवंबर 2026
उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने आज राजधानी रायपुर के मोवा स्थित आईस्पोर्ट्ज़ बैडमिंटन एरिना में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का शुभारंभ किया। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और उनसे खेल से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि बैडमिंटन केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है, बल्कि इसमें धैर्य, चपलता, तेज नजर, पैरों की फुर्ती और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता का भी विशेष महत्व है। इस खेल में प्रत्येक खिलाड़ी को पूरे अनुशासन और एकाग्रता के साथ प्रदर्शन करना होता है। खेल के मैदान में मिलने वाली सीख जीवन में भी सफलता प्राप्त करने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी यहां से नए अनुभव और बेहतर सीख लेकर जाएंगे, जो उनके खेल कौशल को निखारने में उपयोगी साबित होंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके। इसी दिशा में राज्य सरकार ने बैडमिंटन स्टेडियम के निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं मिलें, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। हाल ही में एशियन पैरा गेम्स-2026 में प्रदेश के अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी इस उपलब्धि पर 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। यह खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी ओलंपिक तक पहुंचें और देश के लिए पदक जीतें। इसके लिए खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है और प्रदेश से नई खेल प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से खिलाड़ी न केवल अपना भविष्य संवारते हैं, बल्कि अपने प्रदर्शन से देश और प्रदेश का नाम भी रोशन करते हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, सचिव संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली, कविता दीक्षित, अनुराग दीक्षित, खेल अधिकारी तथा प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी उपस्थित थे।
