रायपुर, 24 नवंबर 2026
जशपुर जिले में चक्रवात के कारण धान की फसल को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए कृषि विभाग और बीमा कंपनी का मैदानी अमला लगातार प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहा है। प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए फसल क्षति का सर्वे कर प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं। उप संचालक कृषि ने बताया कि जशपुर विकासखंड के किसान बबलू तिवारी की फसल को हुए नुकसान के संबंध में प्रकाशित समाचार को भी विभाग ने संज्ञान में लिया है।
विभागीय अमले द्वारा प्रभावित किसानों को फसल बीमा से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी जा रही है। बीमित किसानों को बताया जा रहा है कि फसल क्षति होने पर इसकी सूचना 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर देना आवश्यक है, ताकि नुकसान का समय पर आकलन किया जा सके और बीमा संबंधी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
जिन किसानों ने फसल बीमा नहीं कराया है, उनकी फसल को हुए नुकसान का आकलन कर आर.बी.सी. 6-4 के प्रावधानों के तहत मुआवजे के प्रकरण तैयार करने और संबंधित तहसील कार्यालयों में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि विभाग द्वारा इस प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत मिल सके।
उप संचालक कृषि के अनुसार, जिले में अब तक आर.बी.सी. 6-4 के तहत फसल क्षति के 432 प्रकरण तैयार कर तहसील कार्यालयों में जमा किए जा चुके हैं। वहीं, फसल बीमा कराने वाले 50 किसानों को कुल 30.27 लाख रुपये की मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है। प्रभावित खेतों का सर्वे और आवश्यक प्रकरण तैयार करने की प्रक्रिया जारी है।
