रायपुर, 24 नवंबर 2026
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर लोहारा पहुंचकर वहां आयोजित सोनोग्राफी एवं नेत्र जांच शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से उपचार की व्यवस्था, जांच सुविधाओं और स्वास्थ्यकर्मियों के व्यवहार के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उप मुख्यमंत्री ने मौके पर उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक सहजता और समय पर पहुंचना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अस्पताल परिसर में संचालित अटल आरोग्य लैब और पोषण पुनर्वास केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध जांच सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित रक्तदान शिविर का निरीक्षण कर स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके सेवा भाव की सराहना की।

उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और यह किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का पुनीत कार्य है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी या आपातकालीन परिस्थितियों में किसी भी मरीज को कभी भी रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदान से प्राप्त रक्त किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान के महत्व को समझना चाहिए और इस मानवीय कार्य के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी आवश्यक है, ताकि जरूरत के समय मरीजों को रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी लोगों को इस मानवीय एवं जीवनरक्षक कार्य में सहभागी बनने के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों को आम नागरिकों तक जांच एवं उपचार की सुविधाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों की सेवा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर तत्पर रहने का आह्वान किया।
