रायपुर, 24 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप छत्तीसगढ़ के शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से नगरीय क्षेत्रों में आधुनिक अधोसंरचना तथा नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। डबल इंजन सरकार का लक्ष्य शहरों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर आवास, स्वच्छ पेयजल, सुगम आवागमन और गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री साय आज दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रिसाली को 101 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, जल निकासी और मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में नगरीय विकास को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अमृत मिशन से शहरों में पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, वहीं स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। पीएम स्वनिधि योजना से रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल मिल रहा है तथा पीएम ई-बस सेवा से आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि शहर केवल आबादी के केंद्र न रहें, बल्कि आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसरों के केंद्र बनें। इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों के सुनियोजित विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश के शहरों की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना शुरू की गई है। इसके माध्यम से मुख्य सड़कों, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, सार्वजनिक परिवहन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल अधोसंरचना का निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक और बेहतर बनाना है। छोटे-बड़े सभी शहरों में विकास की समान गति सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं और रिसाली का समग्र विकास भी इसी प्रयास का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है। इनमें नगर निगम के अंतर्गत 29 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन और 39 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 28 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत के एक कार्य तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत 3 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
उन्होंने बताया कि आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण किया जाएगा। वहीं डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से सड़क का विकास किया जाएगा। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 18 में लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण होगा। मैत्री नगर में लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से उद्यान निर्माण, समतलीकरण, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाने के कार्य किए जाएंगे।
तालपुरी और रूआबांधा क्षेत्र में लगभग 98 लाख रुपये से अधिक की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपये, नेवई भांठा एवं नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपये तथा सक्ती विहार रिसाली में 67 लाख रुपये की लागत से विभिन्न नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई भिलाई में लगभग 28 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों में सड़क, पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, उद्यान, सामुदायिक सुविधाओं और शैक्षणिक अधोसंरचना को प्राथमिकता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की मांगों पर रिसाली नगर निगम क्षेत्र में जल शुद्धिकरण एवं पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपये, वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में रिसाली नगर निगम क्षेत्र को पीएम ई-बस सेवा से भी जोड़ा जाएगा, जिससे नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि रिसाली के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने बीते लगभग तीन वर्षों में जनकल्याण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने के लिए 18 लाख मकानों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 12 लाख आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की अब तक 33 किस्तें जारी की जा चुकी हैं, जिससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है और वे परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता प्राप्त कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर से प्रदेश के लगभग 3100 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी शुरू की गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। प्रदेश में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी अंतर की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और खेती-किसानी को अधिक लाभकारी बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए गांवों के साथ शहरों का संतुलित विकास आवश्यक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से विकास की इस यात्रा में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया और कार्तिक पूर्णिमा एवं श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रिसाली को 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। प्रदेश के नगरीय निकायों ने विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने रिसालीवासियों को आश्वस्त किया कि नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने स्वागत उद्बोधन में किसानों के हित में लिए गए निर्णयों और रिसाली क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं और मांगों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र एवं अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग की हितग्राही चंचला दुर्गा और रघुनंदन ध्रुव को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, शिव प्रसाद को ट्राइसाइकिल, विकास कुमार को व्हीलचेयर तथा रोहिणी मानिकपुरी को श्रवण यंत्र प्रदान किया। अन्य हितग्राहियों को भी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता सामग्री और लाभ वितरित किए गए।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष राकेश पांडे, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, रिसाली महापौर शशि सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, पूर्व मंत्री रमशीला साहू एवं सुरेंद्र कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
