रायपुर, 24 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज इस्पात नगरी भिलाई के सेक्टर-2 में आयोजित श्री राम कथा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने व्यासपीठ को नमन कर विश्वविख्यात कथावाचक पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी से आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भक्तिभाव से श्री राम कथा का श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक देव जी की जयंती प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ की ओर से पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस्पात नगरी भिलाई में पिछले आठ दिनों से श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। पूज्य बापू जी के श्रीमुख से श्री राम कथा सुनने का अवसर मिलना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम के साथ गहरा आध्यात्मिक और भावनात्मक संबंध है। प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में बिताया था। प्रदेश में अनेक ऐसे पवित्र स्थल हैं, जो उनके वनवास काल की स्मृतियों से जुड़े हुए हैं। राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर के संबंध में मान्यता है कि प्रभु श्रीराम और माता सीता ने अपने करकमलों से शिवलिंग की स्थापना की थी। वहीं, चंदखुरी में माता कौशल्या का मंदिर स्थित है। राम वन गमन पथ से जुड़े अनेक स्थल छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम भव्य मंदिर में विराजमान हो चुके हैं। यह छत्तीसगढ़वासियों के लिए विशेष हर्ष और गौरव का विषय है, क्योंकि यहां के लोग प्रभु श्रीराम को अपना भांजा मानते हैं। राज्य शासन द्वारा प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या में श्रीराम के दर्शन कराने के लिए श्री रामलला दर्शन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं। प्रत्येक सप्ताह अम्बिकापुर, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग से विशेष ट्रेन के माध्यम से लगभग 850 श्रद्धालुओं को अयोध्या ले जाकर श्री रामलला के दर्शन कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में पूर्व में आयोजित श्री राम कथा का स्मरण करते हुए कहा कि पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी का स्नेह और आशीर्वाद निरंतर छत्तीसगढ़ को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं को जनवरी 2027 में रायपुर में आयोजित होने वाली श्री राम कथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को श्री राम कथा सुनने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने प्रभु श्रीराम और माता सीता से सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, जीवन आनंद फाउंडेशन के अध्यक्ष विनोद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित थे।
