रायपुर, 24 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर भिलाई के सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाया और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से लंगर में शामिल होकर प्रसाद भी ग्रहण किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।
प्रकाश पर्व समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर सभी का एकत्रित होना सौभाग्य की बात है। इस अवसर पर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाने का अवसर मिलना श्रद्धा और आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को पूरे श्रद्धाभाव से प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है।

मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, समाज के सभी बंधुओं, माताओं-बहनों और युवा साथियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन सभी को निरंतर मिलता रहे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
