रायपुर, 24 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान भिलाई के सेक्टर-6 में महिला थाना के समीप 33.24 लाख रुपये की लागत से निर्मित दुर्ग रेंज के नवीन साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। इस भवन के शुरू होने से दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों में साइबर अपराधों की रोकथाम, जांच और विवेचना के लिए पुलिस को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन भी किया। साथ ही पुलिस नियंत्रण कक्ष में उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केन्द्र के काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नवीन साइबर थाना भवन के शुरू होने से दुर्ग रेंज में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और उनकी विवेचना में मदद मिलेगी। साइबर थाना की स्थापना सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 एवं बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित अपराधों की रोकथाम और कार्रवाई के उद्देश्य से की गई है। इसका क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के अंतर्गत आने वाले दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों तक रहेगा। नए भवन में ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी और अन्य साइबर अपराधों की जांच, आरोपियों की पहचान तथा पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में पुलिस को सहूलियत होगी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-6 भिलाई में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से 15 लाख रुपये की लागत से उन्नत किए गए एकलव्य प्रशिक्षण हॉल का भी लोकार्पण किया। इसके अलावा जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित परिवार परामर्श केन्द्र के काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष का उद्घाटन किया। एकलव्य प्रशिक्षण हॉल के उन्नयन से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष से पारिवारिक समस्याओं के निराकरण के साथ महिलाओं एवं बच्चों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और आम नागरिकों को पुलिस सेवाएं सहजता से उपलब्ध हो सकेंगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज को नशे की समस्या से मुक्त करने के उद्देश्य से पोस्टर का विमोचन कर ‘संकल्प अभियान-नशामुक्ति’ का शुभारंभ किया। इस अभियान के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए प्रयास किए जाएंगे। पुलिस अधोसंरचना के विस्तार और जनजागरूकता अभियानों के जरिए जनसुरक्षा तथा बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
