रायपुर, 24 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए 27 करोड़ रुपये की घोषणा की। साथ ही भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम के निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भिलाई के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में 24 गुना वृद्धि का मामला सामने आने पर सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर अधिकारियों से बात की गई। इसके बाद मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।

विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों की घोषणा की। कुरुद-जुनवानी कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये तथा जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1,600 आवास बनाए जा रहे हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की 33 किस्तों में अब तक 21 हजार 350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। रामलला दर्शन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से भी लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।

श्री साय ने भिलाई से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री ने उन्हें इस्पात राज्यमंत्री का दायित्व सौंपा था, तब से क्षेत्र की समस्याओं और विभिन्न घटनाओं के दौरान उनका यहां के लोगों से संवाद और सहयोग बना रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों और नगरीय सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। पिछले तीन वर्षों में गांवों और शहरों में विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद प्रदेश के सामने बड़ी चुनौती रहा है, लेकिन अब राज्य इससे मुक्त हो चुका है। निवेश, उद्योग और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों की स्थापना से छत्तीसगढ़ आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा और इसमें भिलाई की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम भिलाई के विकास के लिए पिछले तीन वर्षों में 886 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। नगरीय निकायों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के प्रयासों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ को नगरीय निकायों के क्षेत्र में हर साल राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिल रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया। यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों की जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया के तहत 3,000 निवेशकों को कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि बटन दबाकर अंतरित की गई। नगर निगम भिलाई क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के आठ हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत छह स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के पांच हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के पांच हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड दिए गए।
सहायक श्रमायुक्त विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के दो हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए तथा सात श्रमिकों को पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत नौ महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण राशि के चेक दिए गए। मत्स्य विभाग की ओर से हितग्राहियों को आइस बॉक्स, नाव और जाल वितरित किए गए। वहीं पट्टाधृति योजना के अंतर्गत 10 हितग्राहियों को पट्टे प्रदान किए गए।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, महापौर नीरज पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल तथा बड़ी संख्या में नागरिक भी शामिल हुए।
