रायपुर, 23 नवंबर 2026
खेती में मेहनत के साथ जब उपज का उचित मूल्य और सुविधाजनक खरीदी व्यवस्था मिलती है, तो किसान की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ उसके सपनों को भी नई दिशा मिलती है। धमतरी जिले के ग्राम खरतुली निवासी किसान इलोक राम साहू की कहानी इसका उदाहरण है। चार एकड़ में धान की खेती कर वे अपने परिवार का भविष्य संवार रहे हैं। पिछले वर्ष धान विक्रय से मिली राशि से पांच डिसमिल जमीन खरीदने के बाद अब उनका सपना उसी जमीन पर अपने परिवार के लिए पक्का मकान बनाने का है।
सेवा सहकारी समिति लोहरसी से जुड़े किसान श्री साहू के परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन खेती है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से धान का अच्छा मूल्य मिलने के कारण उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। खेती से होने वाली आमदनी का उपयोग वे घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ बचत और संपत्ति निर्माण में भी कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि पिछले वर्ष उन्होंने धान बेचकर मिली राशि से पांच डिसमिल जमीन खरीदी। अब वे आने वाले कुछ वर्षों में इस जमीन पर पक्का मकान बनाकर माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ बेहतर सुविधाओं वाले घर में रहने का सपना पूरा करना चाहते हैं।
श्री साहू ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसानों को काफी सुविधा मिली है। इस खरीदी सीजन में वे अब तक 20 क्विंटल धान बेच चुके हैं और अगले 22 क्विंटल धान के विक्रय के लिए उन्हें दूसरा टोकन भी मिल गया है। ऑनलाइन टोकन मिलने से उपार्जन केंद्र के बार-बार चक्कर लगाने और लंबा इंतजार करने की परेशानी कम हुई है। किसान अपनी निर्धारित तिथि के अनुसार धान विक्रय की तैयारी कर सकते हैं, जिससे समय और श्रम की बचत होती है और खेती के दूसरे कार्यों के लिए भी समय मिल पाता है।
उन्होंने उपार्जन केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष जताते हुए बताया कि वहां किसानों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था और पर्याप्त बारदाने उपलब्ध हैं। इसके अलावा माइक्रो एटीएम की सुविधा भी दी गई है, जिससे जरूरी बैंकिंग लेनदेन में सहूलियत होती है। इन व्यवस्थाओं से धान बेचने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सहज हुई है।
इलोक राम साहू के परिवार में उनके माता-पिता, पत्नी और स्कूल में पढ़ने वाले दो बच्चे हैं। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच वे बच्चों की अच्छी शिक्षा और सुरक्षित भविष्य को प्राथमिकता देते हैं। उनका मानना है कि खेती से होने वाली आमदनी का सही उपयोग और नियमित बचत परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बना सकती है। पांच डिसमिल जमीन खरीदना इसी दिशा में उनका पहला महत्वपूर्ण कदम रहा है। अब वे अपनी आय का एक हिस्सा बचाकर पक्के मकान के सपने को पूरा करने की तैयारी कर रहे हैं।
किसान इलोक राम साहू की कहानी बताती है कि मेहनत, उपज का उचित मूल्य और सुविधाजनक खरीदी व्यवस्था ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। उनके लिए धान की फसल से होने वाली आमदनी केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य, परिवार की आर्थिक सुरक्षा और अपने पक्के घर के सपने को पूरा करने का आधार बन रही है।
