रायपुर, 22 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा स्थित ऐतिहासिक मुक्तेश्वर शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों के सुखी, समृद्ध और खुशहाल जीवन के साथ छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति एवं उन्नति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती प्राचीन मंदिरों, धार्मिक आस्थाओं और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से परिपूर्ण है। मुक्तेश्वर धाम जैसे ऐतिहासिक धार्मिक स्थल प्रदेश की गौरवशाली विरासत और लोक आस्था के जीवंत प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक स्थलों से हमारी सांस्कृतिक पहचान मजबूत होती है और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलता है।

ग्राम चरौदा स्थित मुक्तेश्वर धाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर का पुनर्निर्माण ग्रामीणों की आस्था और सामूहिक श्रमदान से हुआ है। यहां पौष पूर्णिमा के अवसर पर तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
इस अवसर पर धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
