रायपुर, 14 नवंबर 2026।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज लोकभवन में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल श्री रमेन डेका से सौजन्य भेंट कर दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दीपावली प्रेम, उत्साह, सद्भाव और नई आशाओं का पर्व है। यह पावन अवसर जीवन में सकारात्मकता का संचार करने के साथ ही आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। दीपावली का पर्व समाज में पारस्परिक सौहार्द और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।
समारोह में प्रस्तुत छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, पारंपरिक प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक विरासत की मुख्यमंत्री ने सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति प्रदेश की गौरवशाली पहचान है। यहां के तीज-त्योहार और परंपराएं सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों को भी सहेजने का कार्य करती हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की पुनः शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
