रायपुर, 14 नवंबर 2026।
लोकभवन में राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी अतिथियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल हुए। मुख्यमंत्री सहित आमंत्रित अतिथियों ने राज्यपाल श्री डेका को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी भी उपस्थित रहीं।
समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला और परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्सव का माहौल बना दिया। आदर्श ग्राम तुलसी के कान्हा ग्रुप द्वारा पारंपरिक राउत नाचा की प्रस्तुति दी गई, वहीं महिलाओं ने सुवा नृत्य और पंडवानी गायन के माध्यम से प्रदेश की लोकपरंपराओं की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।

छत्तीसगढ़ गर्ल्स बैंड ‘चिन्हारी’ की संगीत प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और उमंग का संचार किया। वहीं कुमारी भूमिसुता मिश्रा की शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह का विशेष आकर्षण गायक श्री पृथ्वी तांडी और श्री गौतम विश्वास द्वारा असम के प्रसिद्ध गायक डॉ. भूपेन हजारिका के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति रही। उनके भावपूर्ण गायन ने उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा और पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने भी अपनी गायन प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती ममता साहू, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री रिकेश सेन और श्री संपत अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिकों ने भी समारोह में सहभागिता की।
