रायपुर, 14 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने और नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के धौरपुर-डूमरडीह मार्ग के संवेदनशील घाटी क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा 150 मीटर लंबी सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इस निर्माण से क्षेत्रवासियों और राहगीरों को बड़ी राहत मिली है।
धौरपुर-डूमरडीह मार्ग का घाटी क्षेत्र आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां पहाड़ी से वर्षा जल के लगातार बहाव और समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण पहले डामरीकृत सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती थी। सड़क उखड़ने और गड्ढे होने से वाहन चालकों तथा आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती थी। साथ ही सड़क के बार-बार खराब होने से उसके रखरखाव में भी विभाग को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
नागरिकों की समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने घाटी क्षेत्र के 150 मीटर लंबे हिस्से में डामरीकरण के स्थान पर सीमेंट कंक्रीट सड़क बनाने का निर्णय लिया। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। सीसी सड़क बनने से मार्ग की मजबूती और टिकाऊपन बढ़ा है। इससे वर्षा जल के बहाव के कारण सड़क के बार-बार क्षतिग्रस्त होने की समस्या कम होगी और लोगों को वर्षभर सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
राज्य शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क विकसित करने के साथ ही पुराने मार्गों के सुधार और उन्नयन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार आम नागरिकों की सुविधा के लिए टिकाऊ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सड़क अधोसंरचना का विकास विभाग की प्राथमिकता है। धौरपुर-डूमरडीह मार्ग के घाटी क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण पूरा होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क के रखरखाव में भी सहूलियत होगी।
