अम्बिकापुर, 11 नवंबर 2026।
ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी अब सामाजिक और आर्थिक बदलाव की नई तस्वीर पेश कर रही है। महिलाएं पारंपरिक आजीविका के साथ-साथ डिजिटल और बैंकिंग सेवाओं के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रही हैं। सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत बटवाही की सुश्री शाहिदा बेगम ऐसी ही महिला हैं, जो अटल डिजिटल केंद्र और बीसी सखी के रूप में कार्य करते हुए ग्रामीणों तक आवश्यक डिजिटल एवं बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ओर से भेजी गई ‘विष्णु की पाती’ ने शाहिदा बेगम की खुशियों को दोगुना कर दिया है। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र के माध्यम से अटल डिजिटल केंद्र और बीसी सखी के रूप में उनके कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया है। मुख्यमंत्री से मिले इस आत्मीय संदेश को शाहिदा ने अपने लिए गर्व और सम्मान का विशेष क्षण बताया।
ग्राम पंचायत बटवाही की रहने वाली शाहिदा बेगम अटल डिजिटल केंद्र और बीसी सखी के रूप में ग्रामीणों को विभिन्न डिजिटल एवं बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। उनके प्रयासों से ग्रामीण नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने की सुविधा मिल रही है। इससे न केवल ग्रामीणों की सहूलियत बढ़ रही है, बल्कि महिलाओं के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी सामने आ रहे हैं।
शाहिदा बेगम का मानना है कि मुख्यमंत्री की ओर से मिला प्रोत्साहन उन्हें आगे भी पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया जी ने उनके अटल डिजिटल केंद्र और बीसी सखी के कार्यों की सराहना करते हुए ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से उन्हें सम्मानित किया है। मुख्यमंत्री ने उनकी माताजी के अच्छे स्वास्थ्य और उनके बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति तहे दिल से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री की ओर से मिला यह सम्मान ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत उन महिलाओं के प्रयासों को पहचान देने का माध्यम है, जो अपने कार्यों के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। डिजिटल सेवाओं और बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार में महिलाओं की भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं की पहुंच बढ़ रही है। साथ ही महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज की प्रगति में भी योगदान दे रही हैं।
शाहिदा बेगम जैसी महिलाओं की पहल यह साबित करती है कि उचित अवसर, प्रोत्साहन और आत्मविश्वास मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी तकनीक आधारित सेवाओं के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उनकी यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण के साथ ग्रामीण समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरक मिसाल बन रही है।
