3 करोड़ की इंटरस्टेट ठगी का मास्टरमाइंड अमन शर्मा गिरफ्तार, विदेशी मुद्रा के नाम पर करता था ठगी
रायपुर-प्रकाश कुमार यादव
रायपुर पुलिस ने विदेशी मुद्रा के नाम पर देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने फरार आरोपी अमन शर्मा को कोलकाता के 24 परगना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर विदेशी मुद्रा के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता था। अब तक इस गिरोह द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में 22 से अधिक वारदातों को अंजाम देते हुए करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
रायपुर में ऐसे दिया वारदात को अंजाम
मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुनानक नगर निवासी ट्रैवल व्यवसायी हरदीप सिंह होरा को आरोपियों ने अपना निशाना बनाया। आरोपी ने खुद को हर्षित अग्रवाल बताकर अमेरिका और लंदन में होटल बुकिंग कराने के नाम पर संपर्क किया।
इसके बाद आरोपी ने प्रार्थी को करेंसी टॉवर स्थित एक को-वर्किंग स्पेस में बुलाया और विदेशी मुद्रा (18,000 USD और 2,000 GBP) लाने को कहा। मौके पर मौजूद उसका साथी भारतीय मुद्रा देने का झांसा देकर बाहर चला गया, जबकि दूसरा आरोपी फोन पर बातचीत में उलझाकर लगभग 19.47 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा लेकर फरार हो गया।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों—प्रोसेनजित चक्रवर्ती और मयंक शर्मा—को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके कब्जे से 4.50 लाख रुपये नगद और मोबाइल फोन जब्त किए गए थे।
पूछताछ के दौरान ही अमन शर्मा की भूमिका सामने आई, जिसके बाद तकनीकी विश्लेषण के जरिए उसे कोलकाता में ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया।
देशभर में फैला है गिरोह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों में सक्रिय रहा है। विभिन्न थानों में इनके खिलाफ मामले दर्ज हैं और कई जगहों पर आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया है और उसके खिलाफ बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
