रायपुर, 10 नवम्बर 2026
उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में आज कोरबा के सर्वमंगला नगर जोन अंतर्गत डगनियाखार में विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वार्ड क्रमांक 64, 65 और 66 में पेयजल पाइपलाइन बिछाने तथा नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। साथ ही वार्ड क्रमांक 64 स्थित प्राथमिक शाला इमलीछापर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया गया।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में वार्ड क्रमांक 66 के बलगी हायर सेकेंडरी स्कूल से डीआई पाइपलाइन बिछाने के लिए 4.21 लाख रुपये, डगनिया में सूरजभान के घर के पास से पीपल चौरा तक नाली निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 65 के एक नंबर दफाई भाटापारा में डीआई पाइपलाइन बिछाने के लिए 16.18 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 64 के इमलीछापर परसाभांठा धनुहारपारा बस्ती से अमरजीत ऑफिस के पीछे तक डीआई पाइपलाइन बिछाने के लिए 2.12 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शहरों से लेकर गांवों तक विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। राज्य सरकार मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जिले में जर्जर आंगनबाड़ी और शासकीय स्कूल भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि पेयजल पाइपलाइन और नाली निर्माण कार्य पूरे होने से संबंधित वार्डों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी तथा गंदे पानी की निकासी के लिए समुचित व्यवस्था उपलब्ध होगी। इन कार्यों से स्थानीय नागरिकों को दैनिक जीवन में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 64 स्थित प्राथमिक शाला इमलीछापर के पुराने और जर्जर भवन के स्थान पर जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 31.30 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन स्कूल भवन का लोकार्पण किया गया। नए भवन के शुरू होने से विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे उनकी पढ़ाई के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।
कार्यक्रम में नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर सहित संबंधित वार्डों के जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
